फ़िल्मी स्टाइल में चोरी करने वाले बंटी-बबली गिरफ्तार, 16 लाख के गहने 2 लाख की नगदी मिली
आखिरकार बंटी और बबली पुलिस हत्थे चढ़ ही गए जो कई राज्यों की पुलिस के लिए सर दर्द बने हुए थे। और लगातार पुलिस को चकमा दे रहे थे। दोनों पति पत्नी हैं जो साथ में मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। उनके पास से करीब 16 लाख के गहने और 2 लाख रूपये कैश भी बरामद किया है दरअसल यह सफलता एमपी की ग्वालियर पुलिस को हाथ लगी है। जहां शातिर अंतरराज्यीय चोर को उसकी पत्नी के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान अरविंद रजक निवासी आंतरी और उसकी पत्नी ज्योति रजक के रूप में हुई है। आरोपी ने शहर में हाल ही में हुई 6 चोरी की वारदातों को अंजाम देना कबूल किया।
जिसमें 7 दिन पहले महाराजपुरा क्षेत्र में रिटायर्ड सूबेदार के घर हुई चोरी भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 15 लाख 75 हजार रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और 2 लाख रुपए नगद बरामद किए हैं। बताया गया की हजीरा थाना पुलिस ने बीते 17 मार्च को बस स्टैंड गेट से अरविंद रजक को गिरफ्तार किया था। जहां उसके कब्जे से 315 बोर का देसी कट्टा और चोरी में शामिल होने वाले औजार भी बरामद किए गए थे।
पुलिस की पूछताछ में कई अहम और चौंकाने वाले खुलासे हुए। सामने आया की वह चोरी करने तीन अलग-अलग चोरी की गाड़ियों का इस्तेमाल करता था। पहली गाड़ी से निकलता बीच रास्ते में उसे छोड़कर दूसरी गाड़ी लेता और वारदात के बाद तीसरी गाड़ी से फरार हो जाता। जिससे पुलिस उसकी लोकेशन ट्रैस नहीं कर पा रही थी।
इसके अलावा उसकी पत्नी ज्योति चोरी के माल को ठिकाने लगाने का काम करती थी। उस पर झांसी में भी चोरी का मामला दर्ज है। आरोपी ने पूछताछ में सीहोर, होशंगाबाद, इंदौर और गुजरात समेत कई जगहों पर 55 से 60 चोरी की वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है। पुलिस के मुताबिक अन्य राज्यों की पुलिस भी आरोपी से पूछताछ करेगी। आगे और भी खुलासे होने की उम्मीद है। फ़िलहाल पुलिस की जांच जारी है।------ मामले में ग्वालियर एडिशनल एसपी विदिता डागर ने जानकारी दी।-