स्टेशन पर हाई-वोल्टेज ड्रामा ! एक्सप्रेस ट्रेन के नीचे घुसा युवक, 2 घंटे रुकी रही ट्रेन
मध्यप्रदेश के कटनी मुख्य रेलवे स्टेशन पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब प्लेटफार्म नंबर-3 पर खड़ी 01144 दानापुर-मुंबई एलटीटी एक्सप्रेस के नीचे एक युवक अचानक घुस गया। इस घटना ने यात्रियों और रेलवे स्टाफ के बीच हड़कंप मचा दिया और देखते ही देखते स्टेशन पर भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक अचानक ट्रेन के डिब्बों के नीचे, कपलिंग और पहियों के पास जाकर बैठ गया। सूचना मिलते ही रेलवे का कमर्शियल स्टाफ, आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और उसे सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया गया। लेकिन युवक लगातार जिद पर अड़ा रहा और हाथ में डंडा लेकर बाहर निकालने की कोशिश कर रहे कर्मचारियों पर हमला करने की कोशिश करता रहा।
करीब डेढ़ घंटे तक चले इस रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान रेलवे कर्मचारियों ने हर संभव प्रयास किए। यहां तक कि उस पर पानी की बौछार भी डाली गई, ताकि वह बाहर निकल आए, लेकिन वह टस से मस नहीं हुआ। आखिरकार कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने उसे सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता हासिल की। इस पूरे घटनाक्रम के चलते दानापुर-मुंबई एलटीटी एक्सप्रेस करीब 2 घंटे देरी से रवाना हुई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों ने इस अव्यवस्था पर नाराजगी भी जाहिर की।
घटना के बाद युवक को तत्काल आरपीएफ द्वारा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि आखिर वह ट्रेन के नीचे क्यों घुसा और उसकी मंशा क्या थी। स्टेशन मास्टर संजय दुबे और आरपीएफ थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और युवक की मानसिक स्थिति सहित सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है। यह घटना एक बार फिर रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।