MPL से IPL तक युवाओं को मिला मंच, 2 दिन के दौरे पर शिवपुरी-गुना रवाना, ग्वालियर पहुंचे महाआर्यमन सिंधिया !
मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे महाआर्यमन सिंधिया सोमवार सुबह गतिमान एक्सप्रेस से ग्वालियर पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। स्टेशन पर बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी और फूल-मालाओं के साथ जोरदार अभिनंदन किया गया। इस दौरान “सिंधिया जिंदाबाद” के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा।
मीडिया से बातचीत के दौरान एमपीसीए अध्यक्ष महाआर्यमन सिंधिया ने मध्य प्रदेश लीग यानी MPL को लेकर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि MPL की पहल से प्रदेश के कई युवा खिलाड़ियों को IPL जैसा बड़ा मंच मिला है। उन्होंने जानकारी दी कि MPL से निकलकर 10 से ज्यादा खिलाड़ी IPL में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। खास बात यह है कि इस सूची में सिर्फ पुरुष खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि महिला खिलाड़ी भी शामिल हैं, जो प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
इसके साथ ही उन्होंने अपने दो दिवसीय शिवपुरी-गुना दौरे को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनके पिता केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की पहल पर पिछले एक पखवाड़े से शिवपुरी और गुना में विशाल हेल्थ कैंप का आयोजन किया जा रहा है, जहां मरीजों का निशुल्क इलाज और ऑपरेशन किए जा रहे हैं। महाआर्यमन सिंधिया इन मरीजों से मुलाकात करने और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए दौरे पर जा रहे हैं।
स्टेशन पर मौजूद समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया और गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। महाआर्यमन सिंधिया अपने इस दौरे के दौरान शिवपुरी और गुना में विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगे। अब देखना होगा कि खेल और सामाजिक पहल के इस मेल से प्रदेश के युवाओं और आम जनता को कितना फायदा मिलता है।