एक पक्षीय कार्यवाई से नाराज़ कांग्रेसियों ने घेरा थाना, फरियादी पर ही कर लिया मामला दर्ज !
एक पक्षीय कार्यवाई किये जाने से नाराज़ कांग्रेसियों ने हल्ला बोल दिया और बड़ी संख्या में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर दिया। जिसमें खुद विधायक भी शामिल थे। उज्जैन जिले से सामने आया यह मामला एक विवाद के बाद युवक पर कार्यवाई किये जाने का है। जहां उज्जैन के चिंतामण जवासिया थाने पर उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया। जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए थाने का घेराव कर दिया।
यह पूरा मामला चिंतामन निवासी ऋतुराज सिंह और विजय पटेल के बीच हुए विवाद से जुड़ा है। ऋतुराज सिंह का आरोप लगाया है की बीती रात जब वे घर पर नहीं थे। तब विजय पटेल ने उनके घर के बाहर आकर गाली-गलौज और हंगामा किया। इसके बाद अगले दिन फिर फोन पर धमकी दी गई। ऋतुराज के मुताबिक उनके पास बदसलूकी के पुख्ता ऑडियो प्रमाण हैं। इसके बावजूद पुलिस ने विजय पटेल द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर उनके खिलाफ ही झूठा प्रकरण दर्ज कर लिया।
विधायक महेश परमार के नेतृत्व में पहुंचे कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि पुलिस सत्ता के दबाव में एकपक्षीय कार्रवाई कर रही है। विधायक ने इस दौरान कहा की उनके पास ठोस साक्ष्य मौजूद हैं। लेकिन पुलिस उन्हें देखने तक को तैयार नहीं है। घेराव के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी, चंद्रभान सिंह चंदेल और हेमंत सिंह चौहान समेत बड़ी संख्या में नेता मौजूद रहे।
वहीं, चिंतामण जवासिया थाना प्रभारी हेमराज यादव ने कांग्रेसियों से चर्चा करते हुए साफ़ किया कि विजय पटेल द्वारा उपलब्ध कराए गए ऑडियो के आधार पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि अगर आपके पास भी कोई ऑडियो या वीडियो फुटेज हो तो उपलब्ध करा दें। जिससे जांच में मदद मिलेगी। वहीं थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि मामले की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है। किसी का पक्ष नहीं लिया जा रहा है। तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।