डॉलर चने के दाम गिरे तो फूटा गुस्सा! धामनोद में किसानों का हंगामा, 45 मिनट तक जाम
मध्यप्रदेश के धार जिले के धामनोद में डॉलर चने के गिरते दाम को लेकर किसानों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। सोमवार को बड़ी संख्या में किसान महेश्वर चौराहे पर जमा हुए और जोरदार प्रदर्शन करते हुए करीब 45 मिनट तक जाम लगा दिया। इस दौरान यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दरअसल, खंडवा सहित आसपास के इलाकों से किसान अपनी उपज लेकर धामनोद मंडी पहुंचे थे। किसानों को उम्मीद थी कि उन्हें बेहतर दाम मिलेंगे, लेकिन मंडी में अचानक भाव गिरने से वे आक्रोशित हो गए। किसानों का कहना है कि पहले जहां डॉलर चना 8500 से 9000 रुपए प्रति क्विंटल तक बिक रहा था, वहीं अब इसके दाम गिरकर 5500 से 7000 रुपए प्रति क्विंटल रह गए हैं, जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
आक्रोशित किसानों ने पहले मंडी गेट पर विरोध प्रदर्शन किया और बाद में महेश्वर चौराहे पर पहुंचकर नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन के चलते सड़क पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए किसानों को समझाइश दी। किसानों ने यह भी बताया कि सिर्फ दाम गिरने से ही नहीं, बल्कि बढ़ती परिवहन लागत ने भी उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ट्रकों का किराया 18 हजार रुपए तक पहुंच गया है, जबकि ट्रैक्टर-ट्रॉली का भाड़ा तीन दिन में करीब 9 हजार रुपए हो गया है। ऐसे में किसानों को लागत निकालना भी मुश्किल हो रहा है।
विवाद बढ़ने के बाद मंडी प्रशासन ने हस्तक्षेप किया और आसपास की मंडियों—खरगोन, अंजड़ और करही—के भावों की तुलना कर किसानों और व्यापारियों के साथ चर्चा की गई। मंडी सचिव मोहन चौहान के मुताबिक, समझाइश के बाद किसानों को संतुष्ट किया गया और नीलामी प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी गई। फिलहाल डॉलर चना 6800 से 8200 रुपए प्रति क्विंटल के बीच बिक रहा है। हालांकि, किसानों का कहना है कि उन्हें स्थिर और उचित दाम चाहिए, ताकि उनकी मेहनत का सही मूल्य मिल सके।