LPG के बाद अब पेट्रोल-डीजल का संकट, पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़, अफवाह या सच !
LPG संकट के बीच अब पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ बढ़ने से शहर भर में हलचल का माहौल बन गया। पम्पों पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। जिससे चारों तरफ सिर्फ भीड़ ही भीड़ नज़र आ रही थी। लोगों में इस बात की अफवाह ने ज़ोर पकड़ा की पेट्रोल-डीजल का संकट होने वाला है। इसलिए बड़ी संख्या में लोग पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए पहुंचे। तस्वीरें एमपी के इंदौर से सामने आई हैं। हालांकि जिला प्रशासन का कहना है की जिले के डिपो में भी पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। कहीं कोई समस्या नहीं है। बताया जा रहा है की इंदौर में शहर के करीब तीन दर्जन से ज्यादा पेट्रोल पंपों पर लोगों की लंबी कतारें देखी गईं। कई जगहों पर वाहन चालकों को पेट्रोल भरवाने के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। दरअसल पेट्रोल की उपलब्धता को लेकर फैली आशंका के कारण लोग बड़ी संख्या में पेट्रोल पंपों पर पहुंचने लगे। लोगों को डर है कि कहीं अगले दिन पेट्रोल की कमी न हो जाए। जिसके चलते उन्होंने एहतियातन पहले ही पेट्रोल भरवाना शुरू कर दिया। मामले में इसको लेकर जिला प्रशासन ने साफ़ किया की घबराने की कोई जरूरत नहीं है। इंदौर कलेक्टर ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि शहर में पेट्रोल की पर्याप्त उपलब्धता है। सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने नागरिकों से पैनिक होकर पेट्रोल खरीदने से बचने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
इसके अलावा जिला आपूर्ति नियंत्रक एम.एल.मारू ने बताया की इंदौर जिले में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बिलकुल भी कमी नहीं है। सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है। उपभोक्ताओं को नियमित रूप से पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति की जा रही है। अधिकारी के मुताबिक जिले के डिपो में भी पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। जहां से लगातार डीलर्स को सप्लाई की जा रही है। ईंधन आपूर्ति की व्यवस्था पूरी तरह सुचारू है और कहीं भी किसी प्रकार की समस्या नहीं है।------ उन्होंने आमजन से अपील की है कि पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैल रही किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। अनावश्यक रूप से घबराहट में ईंधन का संग्रह न करें।-