गैस सिलेंडर लेने लाइन में लोगों पर टूट पड़ी मधुमक्खियां,मच गई अफरा-तफरी
एक बड़ी ही मशहूर कहावत है की करेला ऊपर से नीम चढ़ा, जी हां कुछ ऐसा ही एक मामला भी देखने को मिला जहां गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लगे लोगों के ऊपर मधुमक्खियों ने हमला बोल दिया। जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान मधुमक्खियों ने कुछ लोगों को घायल भी कर दिया। मामला उमरिया जिले के नौरोजाबाद से सामने आया है। हालांकि इस दौरान कोई बड़ी घटना नहीं हुई। घायल हुए लोगों का इलाज कराया गया।
बताया जा रहा है की गैस सिलेंडर लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग लाइन में लगे हुए थे। इसी दौरान अचानक से मधुमक्खियों ने लोगों पर हमला बोल दिया। जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गयी। जानकारी के मुताबिक पास में लगे मधुमक्खियों के छत्ते में हलचल होने के कारण मधुमक्खियां झुंड बनाकर उड़ने लगीं और वहां मौजूद लोगों पर टूट पड़ीं। अचानक हुए इस हमले से मौके पर मौजूद लोग भाग खड़े हुए। और अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान कुछ लोगों को मधुमक्खियों ने काट लिया। जो लोग इस दौरान घायल हुए थे उन्होंने नजदीकी अस्पताल पहुंचकर इलाज कराया। डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक इलाज और दवाइयां देने के बाद सभी लोग सुरक्षित अपने घर लौट गए। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल रहा। हालांकि किसी के गंभीर रूप से घायल होने की कोई सूचना नहीं है।-