दलित का घर तोड़ने वालों का निकाला जुलूस, पुलिस का सख्त एक्शन ! | SAGAR TV NEWS |
मध्यप्रदेश के विदिशा में दलित के घर में तोड़फोड़ करने वाले आरोपियों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए उनका सार्वजनिक जुलूस निकाला। इस कार्रवाई से शहर में हड़कंप मच गया और पुलिस के इस कदम की चर्चा हर तरफ होने लगी। दरअसल, मामला कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय के पास का है, जहां रहने वाले धीरेंद्र चिढ़ार के मकान पर दबंगों ने कब्जा करने की नियत से रविवार को हमला कर दिया। आरोप है कि दबंग घर में घुस गए और जमकर तोड़फोड़ की, जिससे मकान और उसमें रखा गृहस्थी का सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकाला और उन्हें पीड़ित के घर से मुख्य चौराहे तक पैदल ले जाया गया। इस दौरान पुलिस ने सख्त संदेश देने की कोशिश की कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। जुलूस के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, ताकि कोई अप्रिय स्थिति न बने।
पीड़ित का आरोप है कि जिन लोगों ने इस वारदात को अंजाम दिया, वे शहर के दबंग और राजनीतिक दल से जुड़े हुए हैं। ऐसे में इस कार्रवाई को एक बड़े संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में शांति है, लेकिन यह मामला सामाजिक और राजनीतिक रूप से काफी संवेदनशील बना हुआ है। अब देखना होगा कि जांच में और क्या खुलासे होते हैं।