कार में जिंदा जला 4 साल का मासूम, बेबस खड़ा देखता रहा पिता और फिर
एमपी के इंदौर के सिमरोल थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। यहां एक 4 साल का मासूम कार के अंदर जिंदा जल गया, जबकि उसका पिता कुछ ही दूरी पर खड़ा होकर बेबस सब कुछ देखता रह गया। मिली जानकारी के अनुसार, सिमरोल क्षेत्र निवासी संजय बढ़िया अपने बेटे चिराग के साथ इंदौर-खंडवा रोड स्थित सेल सिटी के पास काम पर गया था। संजय पेशे से मैकेनिक है और मौके पर डीजे से जुड़ा काम कर रहा था। इस दौरान मासूम चिराग कार के अंदर बैठा हुआ था, जबकि पिता पास ही काम में व्यस्त था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक कार से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। कुछ ही मिनटों में पूरी कार आग के गोले में बदल गई। कार के दरवाजे और कांच बंद होने के कारण मासूम बाहर नहीं निकल सका और अंदर ही फंस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की। पानी और मिट्टी डालकर लपटों को काबू में करने का प्रयास किया गया। कुछ लोगों ने कार का कांच तोड़कर बच्चे को बाहर निकालने की कोशिश भी की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक मासूम चिराग की जिंदगी खत्म हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही सिमरोल पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि असली कारण जानने के लिए जांच जारी है। बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए महू सिविल अस्पताल भेजा गया है। हादसे के बाद पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। यह घटना एक बार फिर चेतावनी देती है कि थोड़ी सी लापरवाही कितनी बड़ी त्रासदी में बदल सकती है।