खुशियों से मातम तक… 5 मौतों से पहले का आखिरी VIDEO, नानी ने नाती को बचाया, खुद चली गईं
एमपी के ग्वालियर से एक ऐसा दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। एक हंसता-खेलता परिवार कुछ ही सेकंड में खत्म हो गया, और पीछे रह गईं सिर्फ यादें… और हादसे से पहले के वो आखिरी वीडियो। घटना शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे की है, जब माता के दर्शन कर लौट रहे परिवार के ऑटो को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो आगे जाकर पेड़ से टकरा गया और पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
इस हादसे में ऑटो सवार 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मरने वालों में शुभम, उनकी पत्नी शगुन, सास प्रीति कश्यप, ताऊ इंद्रजीत और ताई लीला शामिल हैं। हादसे की सबसे मार्मिक तस्वीर उस वक्त सामने आई, जब पता चला कि नानी प्रीति कश्यप ने अपने नाती आरव को सीने से चिपकाकर उसकी जान बचा ली, लेकिन खुद जिंदगी की जंग हार गईं। यह मंजर जिसने भी सुना, उसकी आंखें नम हो गईं।
दरअसल, गुरुवार को आरव का जन्मदिन था। परिवार ने पूरे उत्साह के साथ जश्न मनाया, डांस किया, वीडियो बनाए और मंदिरों में दर्शन करने गए। इन खुशहाल पलों के वीडियो अब सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें पूरा परिवार हंसता-मुस्कुराता नजर आ रहा है। लेकिन किसी को क्या पता था कि ये उनकी जिंदगी के आखिरी लम्हे होंगे। रात करीब 10 बजे दर्शन के लिए निकला परिवार, घर से महज 500 मीटर दूर हादसे का शिकार हो गया।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो चालक अमन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है, जो नशे में गाड़ी चला रहा था। यह हादसा सिर्फ एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि एक पूरे परिवार के उजड़ने की कहानी है—जहां जन्मदिन की खुशियां कुछ ही घंटों में मातम में बदल गईं।