अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरी कार में लगी आग, 3 लोग ऐसे फंसे की नहीं निकल पाए बाहर |SAGAR TV NEWS
सड़क पर दौड़ रही एक कार अचानक से अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार कुछ ही पलों में आग का गोला बन गई, जिसमें तीन लोगों की जिंदा जलकर जान चली गई, जबकि दो लोगों को बचा लिया गया, जो गंभीर घायल हैं। वहीं, एक अन्य बच्ची चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गई। दिल दहला देने वाली यह घटना एमपी के बालाघाट जिले से सामने आई है। नींद की झपकी आने से हादसा होना बताया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। वहीं, फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। जानकारी के मुताबिक, घटना देर रात बैहर-मलाजखंड रोड पर केवलारी चौराहे के पास हुई, जहां एक आल्टो कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई।
हादसे के तुरंत बाद कार में भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। कार में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया। इस दौरान मौके पर मौजूद राहगीरों ने साहस दिखाते हुए कार के शीशे तोड़कर बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने किसी तरह 8 साल की बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके अलावा चालक सीतम केलकर और उसकी मां नानाबाई केलकर को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया। दोनों बुरी तरह झुलस गए, जिन्हें अस्पताल भेजा गया था।
आग इतनी तेज थी कि कार में फंसे नगारची केलकर, सविता केलकर और 3 साल की मासूम अभि केलकर को बाहर नहीं निकाला जा सका। तीनों की कार के अंदर ही जिंदा जलकर जान चली गई। बताया गया कि चालक सीतम केलकर अपने गांव पोंडी (परसवाड़ा) से परिवार के साथ पौनी लौट रहा था, जहां उसकी वेल्डिंग की दुकान है। शुरुआती जांच में सामने आया कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण हादसा हुआ होगा। घटना की सूचना मिलते ही बैहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।