BJP पार्षद कल्लू कुशवाहा की गोली मारकर हत्या, CCTV खंगाल रही पुलिस! | SAGAR TV NEWS |
एमपी के दतिया में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब भाजपा पार्षद कल्लू कुशवाहा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात सुबह करीब 8:30 बजे सेवढ़ा चुंगी चौराहे पर हुई, जहां पार्षद रोज की तरह टहलने पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कल्लू कुशवाहा के साथ दो लोग मौजूद थे। तभी अचानक तीन अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने दो राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली उनके सिर में और दूसरी पीठ में लगी। गोली लगते ही पार्षद जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
एसडीओपी आकांक्षा जैन के अनुसार, यह मामला वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा हो सकता है। उन्होंने बताया कि कल्लू कुशवाहा पर पहले से ही हत्या, हत्या के प्रयास, शराब तस्करी और आर्म्स एक्ट सहित 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे।
गौरतलब है कि कल्लू कुशवाहा 2022 में वार्ड नंबर-1 से भाजपा के टिकट पर पार्षद चुने गए थे। फरवरी 2025 में दतिया कोर्ट ने एक हत्या के मामले में उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई थी, लेकिन हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद वे करीब चार महीने पहले ही जेल से बाहर आए थे।
इस सनसनीखेज हत्या के बाद नगर पालिका का बजट सम्मेलन स्थगित कर दिया गया। बैठक में सभी पार्षदों ने दिवंगत पार्षद को श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखा।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है, लेकिन इस वारदात ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।