पहाड़ी पर माता का प्राकट्य! सपने के संकेत पर खुदाई, निकली प्राचीन दुर्गा प्रतिमा और फिर
एमपी के खंडवा जिले से आस्था और रहस्य से जुड़ी एक अनोखी खबर सामने आई है, जहां एक युवक के सपने में मिले संकेत के बाद पहाड़ी पर खुदाई की गई और वहां से मां दुर्गा की प्राचीन प्रतिमा निकलने का दावा किया जा रहा है। इस घटना के बाद पूरा इलाका श्रद्धा और उत्साह से भर गया है। मामला छैगांवमाखन क्षेत्र के भुईफल गांव के पास स्थित कांजा बैड़ा पहाड़ का है। सोमवार को यहां उस वक्त हलचल मच गई, जब खुदाई के दौरान जमीन से पत्थर की एक प्राचीन दुर्गा प्रतिमा बाहर आई। देखते ही देखते यह खबर आसपास के गांवों में फैल गई और सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने इसे माता का चमत्कार मानते हुए वहीं पूजा-अर्चना शुरू कर दी।
इस पूरे घटनाक्रम की सबसे खास बात यह है कि पुनासा क्षेत्र के युवक राजू जगताप ने दावा किया है कि उन्हें पिछले एक साल से लगातार मां दुर्गा सपने में दर्शन दे रही थीं। उनके अनुसार, माता ने सपने में इस पहाड़ी पर होने का संकेत दिया था। इसी विश्वास के साथ ग्रामीणों ने सरपंच देवेंद्र पंवार के साथ मिलकर बताए गए स्थान पर खुदाई शुरू की और प्रतिमा मिलने पर सभी भावुक हो उठे। प्रतिमा मिलते ही पूरे क्षेत्र में ‘जय माता दी’ के जयकारे गूंजने लगे। शाम को महा आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
घटना की जानकारी मिलते ही पंधाना विधायक छाया मोरे भी मौके पर पहुंचीं और उन्होंने मंदिर निर्माण के लिए 5 लाख रुपए देने की घोषणा की। वहीं अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी आर्थिक सहयोग का ऐलान किया है। प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और प्रतिमा की पुरातात्विक जांच कराने की बात कही है, ताकि इसकी वास्तविक प्राचीनता का पता लगाया जा सके। हालांकि, ग्रामीण चाहते हैं कि माता की प्रतिमा उसी स्थान पर स्थापित रहे, जहां वह प्रकट हुई है। फिलहाल, कांजा बैड़ा पहाड़ आस्था, उत्सुकता और चर्चा का नया केंद्र बन गया है, जहां लोगों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है।