सागर के तीन आरोपी गिरफ्तार, सूने मकान में छुपा रखी थी 15 लाख की अवैध शराब, पुलिस ने पकड़ा
एमपी के सागर संभाग के दमोह जिले के पथरिया नगर में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। रेलवे पुलिया के पास स्थित वार्ड क्रमांक 2 में एक मकान से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई है। पुलिस ने मौके से कुल 304 पेटी शराब जिसकी कीमत 15 लाख बताया जा रही जिससे जब्त की है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि एक मकान में अवैध शराब का बड़ा जखीरा जमा किया गया है और उसे बाहर सप्लाई करने की तैयारी चल रही है। सूचना मिलते ही पथरिया एसडीओपी प्रिया सिंधी के नेतृत्व में थाना प्रभारी अमित मिश्रा की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी।
जब पुलिस टीम मकान पर पहुंची, तो वहां खड़े एक पिकअप वाहन में शराब की पेटियां लोड मिलीं। इसके अलावा मकान के अंदर भी बड़ी संख्या में शराब के कार्टून रखे हुए थे। पुलिस ने पूरे परिसर की तलाशी लेकर 304 पेटी अवैध शराब जब्त कर ली। हालांकि, दबिश के दौरान मौके पर कोई आरोपी नहीं मिला, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच का दायरा बढ़ाया। तकनीकी और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कोमल अहिरवार, विजय अहिरवार और गोविंद अहिरवार के रूप में हुई है, जिन्हें सागर जिले के अलग-अलग स्थानों से पकड़ा गया।
थाना प्रभारी अमित मिश्रा के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अब इस अवैध शराब नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है। इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि जिले में अवैध कारोबार करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है। साथ ही यह भी संकेत है कि आने वाले समय में ऐसे अवैध धंधों पर और भी सख्त कार्रवाई देखने को मिल सकती है।