शादी से लौट रहे युवक की चा कू से ह त्या, 5-6 बदमाशों ने घेरा! और फिर
एमपी के जबलपुर से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक युवक की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना हनुमानताल थाना क्षेत्र की है, जहां सोमवार देर रात शादी से लौट रहे युवक को बदमाशों ने घेरकर मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान 24 वर्षीय मोहम्मद सादिल उर्फ मोनू के रूप में हुई है, जो शादी-ब्याह में घोड़ी किराए पर लगाने का काम करता था। जानकारी के मुताबिक, मोनू एक बारात से लौटकर घोड़ी बांधने के बाद अपने घर जा रहा था। तभी स्लॉटर हाउस के पास पहले से घात लगाए बैठे 5-6 बदमाशों ने उसे घेर लिया।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने बिना किसी बातचीत के मोनू पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तुरंत विक्टोरिया अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोगों में भी गुस्सा देखा जा रहा है। पुलिस की शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि घोड़ी हटाने को लेकर मोनू का जीशान नाम के युवक से विवाद हुआ था। आशंका है कि इसी रंजिश के चलते इस हत्या को अंजाम दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है। फिलहाल, इस सनसनीखेज हत्या ने शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।