कब्रिस्तान में कब्जे पर बवाल, विरोध करने पहुंचे लोगों पर पथराव, VIDEO आया सामने
एमपी के रीवा में कब्रिस्तान की जमीन को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है, जहां अवैध कब्जे के विरोध में पहुंचे लोगों पर ही पत्थर बरसा दिए गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के घोघर कब्रिस्तान का है, जहां सोमवार को हालात अचानक बिगड़ गए। जानकारी के मुताबिक, वक्फ बोर्ड में दर्ज इस कब्रिस्तान की जमीन पर वर्षों से कुछ लोग निवास कर रहे हैं। आरोप है कि ये लोग अब उसी जमीन पर स्थायी कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। कब्रिस्तान की देखरेख करने वाली आवाम फाउंडेशन द्वारा जब इस पर आपत्ति जताई गई, तो विवाद शुरू हो गया।
बताया जा रहा है कि कब्रिस्तान के सौंदर्यीकरण और बाउंड्री निर्माण का काम भी चल रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने जमीन पर पत्थर गाड़कर कब्जा करने की कोशिश की, जिसका कमेटी के सदस्यों ने विरोध किया। विरोध होते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया और देखते ही देखते कब्जाधारियों ने पथराव शुरू कर दिया। इस हमले में आवाम फाउंडेशन के कई सदस्य घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बस्ती के लोग खुलेआम पत्थर फेंकते नजर आ रहे हैं।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि इस मामले की शिकायत पहले भी कई बार पुलिस और प्रशासन से की जा चुकी है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि कब्रिस्तान की जमीन पर अवैध रूप से रहने वाले कुछ लोग लगातार आपराधिक गतिविधियों में भी शामिल हैं। वहीं प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। तहसीलदार अनुपम शर्मा ने आश्वासन दिया है कि कब्रिस्तान की जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल, इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। सवाल यह है कि आखिर कब तक धार्मिक स्थलों की जमीन पर कब्जे और ऐसे विवाद सामने आते रहेंगे? प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।