बुलडोजर की गड़गड़ाहट, सड़क चौड़ीकरण के लिए 12 मकान ढहाए, प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
एमपी के उज्जैन के महाकाल क्षेत्र में एक बार फिर प्रशासन का बुलडोजर गरजा है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत सड़क चौड़ीकरण को लेकर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मार्ग में आ रहे मकानों को हटाया। इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया, हालांकि कई मकान मालिकों की सहमति के बाद ही यह कदम उठाया गया। दरअसल, महाकाल मंदिर के पास स्थित स्मार्ट पार्किंग से गुजरने वाले मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किया जाना है। इसी के चलते नगर निगम ने पहले से चिन्हित 14 भवनों में से 12 मकानों को हटाने की कार्रवाई की। निगम की टीम ने जेसीबी और पोकलेन मशीनों की मदद से निर्माणों को जमींदोज कर दिया।
कार्रवाई के दौरान प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। मौके पर नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, स्मार्ट सिटी सीईओ संदीप शिवा और सीएसपी राहुल देशमुख खुद मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी की। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल भी तैनात किया गया था, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने। बताया जा रहा है कि यह सड़क बेगम बाग मार्ग से भारत माता पार्किंग तक बनाई जाएगी। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद महाकाल क्षेत्र में यातायात व्यवस्था काफी हद तक सुधरेगी और मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। खासतौर पर भीड़भाड़ के समय यह मार्ग सुगम आवागमन में अहम भूमिका निभाएगा।
नगर निगम के अनुसार, जिन भवनों को हटाया गया, उनमें से अधिकतर मालिकों ने सहमति दे दी थी, जिससे कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हो सकी। प्रशासन का कहना है कि शहर के विकास और यातायात सुधार के लिए ऐसे कदम जरूरी हैं। महाकाल नगरी में तेजी से हो रहे विकास कार्यों के बीच यह कार्रवाई एक बड़ा कदम मानी जा रही है। अब देखना होगा कि आने वाले समय में यह सड़क परियोजना शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को कितना राहत देती है।