इश्क की सजा मौत, गर्लफ्रेंड को भगाने पहुंचे युवक की हत्या, शव नाले में फेंका
मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां प्रेम संबंध के चलते एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी। गर्लफ्रेंड को भगाने पहुंचे 26 वर्षीय अर्जुन पाल की युवती के परिजनों ने कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी और शव को नाले में फेंक दिया। घटना रन्नौद थाना क्षेत्र के नेगमा गांव से जुड़ी है। जानकारी के अनुसार, अर्जुन पाल का कोलारस की एक 20 वर्षीय युवती से पिछले 4 से 6 महीनों से प्रेम संबंध था। सोमवार को युवती की सगाई तय थी, जिसकी जानकारी उसने अर्जुन को दी। इसके बाद दोनों ने साथ भागने की योजना बनाई।
रविवार देर रात अर्जुन अपने रिश्तेदार कल्ला पाल के साथ युवती के घर के पास पहुंचा। लेकिन पहले से सतर्क परिजनों ने दोनों को पकड़ लिया। कल्ला किसी तरह मौके से भाग निकला, जबकि अर्जुन को परिजन घर के अंदर ले गए। आरोप है कि अर्जुन को रातभर बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने शव को घर से करीब 100 मीटर दूर एक नाले में फेंक दिया। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने नाले में शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि युवती का दादा खुद थाने पहुंचा और घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मामले में युवती के पिता, दादा समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों अलग-अलग समाज से थे, जिसके चलते परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था। करीब डेढ़ माह पहले भी परिजनों ने युवती को फोन पर बात करते पकड़ लिया था और अर्जुन को धमकियां दी जा रही थीं। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। यह घटना एक बार फिर समाज में प्रेम संबंधों को लेकर बढ़ती असहिष्णुता और हिंसा की गंभीर तस्वीर पेश करती है।