भूखी माता मंदिर के पास नग्न शव से सनसनी, जूते के फीते से हत्या की आशंका! | SAGAR TV NEWS |
एमपी की धर्मधानी उज्जैन के शांत शिप्रा तट पर मंगलवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब भूखी माता मंदिर के पास पुलिया के नीचे एक युवक का नग्न शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। यह मामला जितना चौंकाने वाला है, उतना ही रहस्यमयी भी बनता जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, शव पूरी तरह नग्न अवस्था में कीचड़ और पत्थरों के बीच पड़ा हुआ था। हैरानी की बात ये रही कि घटनास्थल के पास ही ग्रे रंग की पैंट और सफेद कुर्ता करीने से रखा मिला। इस अजीब हालात ने पुलिस के शक को और गहरा कर दिया है।
सूचना मिलते ही महाकाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। सबसे अहम सुराग मृतक के गले में लिपटा जूते का फीता है। पुलिस का मानना है कि इसी फीते से युवक का गला घोंटकर हत्या की गई हो सकती है। महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 24 से 25 साल बताई जा रही है। युवक के माथे पर तिलक लगा हुआ था, जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह किसी धार्मिक स्थल से लौट रहा था या पूजा-अर्चना में शामिल हुआ था।
पुलिस ने आसपास के लोगों और मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं से पूछताछ की है, लेकिन अब तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं, पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक वहां कैसे पहुंचा और इस वारदात को अंजाम किसने दिया।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मर्ग कायम कर लिया गया है। तिलकधारी युवक की इस संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है—क्या यह सुनियोजित हत्या है या इसके पीछे कोई और राज छिपा है? पुलिस जल्द ही इस मर्डर मिस्ट्री से पर्दा उठाने का दावा कर रही है। बने रहिए हमारे साथ।