गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश, गर्मी से मिली राहत, MP में मौसम ने ली करवट
मध्यप्रदेश के भोपाल में बुधवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली और गरज-चमक के साथ तेज बारिश ने राजधानी का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। करीब दोपहर 2:15 बजे शुरू हुई बारिश ने जहां सड़कों को तरबतर कर दिया, वहीं लोगों को तपती गर्मी से बड़ी राहत भी दिलाई। पिछले कुछ दिनों से तेज धूप और उमस से परेशान लोग जैसे ही बारिश शुरू हुई, राहत की सांस लेते नजर आए। मौसम में ठंडक घुल गई और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। कई इलाकों में लोग बारिश का आनंद लेते दिखाई दिए।
मौसम विभाग के मुताबिक, यह बदलाव केवल भोपाल तक सीमित नहीं है। मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में अप्रैल की शुरुआत ही आंधी और बारिश के साथ हो रही है। विभाग ने इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर समेत करीब 29 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटों में ग्वालियर-चंबल, बुंदेलखंड, विंध्य और मालवा-निमाड़ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। कई जिलों में 2 और 3 अप्रैल को भी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
हालांकि, यह राहत ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं है। मौसम विभाग का कहना है कि 15 अप्रैल के बाद प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो सकता है। खासकर ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में तापमान तेजी से बढ़ेगा और लू चलने की आशंका भी जताई जा रही है। वहीं, बारिश के बीच भी तापमान में बढ़ोतरी का ट्रेंड जारी है। भोपाल और जबलपुर में अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री, जबकि इंदौर और ग्वालियर में 36.6 डिग्री दर्ज किया गया। नर्मदापुरम 40.3 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। फिलहाल, बदले मौसम ने लोगों को गर्मी से राहत जरूर दी है, लेकिन आने वाले दिनों में गर्मी फिर से अपना असर दिखा सकती है। फिलहाल राहत की बारिश, लेकिन आगे बढ़ेगी तपिश… अपडेट के लिए बने रहिए हमारे साथ।