बेकाबू डंपर से सब्जी दुकानदार की मौत, घर में घुसा ट्रक और फिर बेटी जिंदगी की जंग में !
एमपी के नरसिंहपुर जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक परिवार को उजाड़ दिया। गाडरवारा के कामटी गांव में एक बेकाबू डंपर ने सब्जी दुकानदार को कुचलते हुए सीधे घर में घुसकर तबाही मचा दी। जानकारी के मुताबिक, मृतक भोजराज रोज की तरह सड़क किनारे अपनी सब्जी की दुकान लगाकर बैठे थे। तभी अचानक तेज रफ्तार से आया डंपर नियंत्रण खो बैठा और पहले उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि भोजराज की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा यहीं नहीं रुका… अनियंत्रित डंपर सीधे पास के एक मकान में जा घुसा, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में भोजराज की बेटी भी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर चालक शराब के नशे में था और वाहन तेज रफ्तार में चला रहा था, जिसके कारण वह मोड़ पर नियंत्रण नहीं रख सका। बताया जा रहा है कि घटना स्थल पर 90 डिग्री का खतरनाक मोड़ भी हादसे की एक बड़ी वजह बना।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। एसडीओपी ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है और डंपर को जब्त कर लिया गया है। वहीं एसडीएम ने मौके का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार को सहायता दिलाने और सड़क सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा का आश्वासन दिया है। गौरतलब है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपरों की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। सवाल यही—कब थमेगा सड़कों पर दौड़ता ये मौत का खेल? अपडेट के लिए बने रहिए हमारे साथ।