रोड पर युवक की लाश, शरीर पर चोट के निशान; हत्या की आशंका और फिर
एमपी के उज्जैन से इस वक्त की बड़ी खबर… जहां आगर रोड पर एक युवक की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मामला चिमनगंज थाना क्षेत्र का है, जहां सुबह-सुबह शव मिलने की सूचना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रथम दृष्टया मृतक की पहचान भूरा के रूप में हुई है, जो बेगम बाग क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। हालांकि, शुरुआती जांच में युवक के शरीर पर चोट के निशान मिलने से मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। सीएसपी पुष्पा प्रजापति ने बताया कि अलसुबह शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई की और शव को अस्पताल भिजवाया। उन्होंने यह भी पुष्टि की कि शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हर एंगल से जांच की जा रही है।
वहीं, परिजनों का कहना है कि भूरा रात करीब 10 बजे घर से निकला था, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटा। सुबह उन्हें सूचना मिली कि उसका शव आगर रोड पर पड़ा हुआ है। परिजनों ने इस मामले में हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि शरीर पर जो निशान हैं, वे किसी धारदार हथियार से वार जैसे लग रहे हैं। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है—चाहे वह हत्या हो या कोई अन्य कारण। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि सच्चाई तक पहुंचा जा सके। रहस्य गहराता जा रहा है… क्या ये हत्या है या कोई और वजह? सच्चाई सामने आने का इंतजार। जुड़े रहिए हमारे साथ।