मा रे गए छात्र को अंतिम विदाई, CM मोहन यादव ने दी श्रद्धांजलि; गम में डू बा MP
एमपी के उज्जैन में शुक्रवार को दर्द और शोक का माहौल उस वक्त गहरा गया, जब कनाडा में हत्या के शिकार हुए 25 वर्षीय छात्र गुरकीरत सिंह मनोचा का अंतिम संस्कार चक्रतीर्थ श्मशान घाट पर किया गया। 21 दिनों बाद जब उनका पार्थिव शरीर भारत लाया गया, तो परिवार और पूरे क्षेत्र में गम की लहर दौड़ गई। शुक्रवार सुबह अहमदाबाद से एम्बुलेंस के जरिए गुरकीरत का शव उनके निवास पार्श्वनाथ कॉलोनी पहुंचा। जैसे ही शव घर पहुंचा, मां-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मां ने एम्बुलेंस चालक के प्रति हाथ जोड़कर आभार व्यक्त किया। इसके बाद गुरुद्वारे में अंतिम अरदास की गई और बड़ी संख्या में सिख समाज व परिजन अंतिम यात्रा में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन प्रवास के दौरान गुरकीरत के घर पहुंचकर पार्थिव देह पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। उनके साथ सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यमंत्री गौतम टेटवाल और विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परिवार के लिए बेहद दुखद और असहनीय क्षति है। प्रदेश सरकार इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने बाबा महाकाल से प्रार्थना की कि परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति मिले। वहीं सांसद अनिल फिरोजिया ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर और केंद्र सरकार का आभार जताते हुए बताया कि शव को भारत लाने का पूरा खर्च केंद्र सरकार द्वारा वहन किया गया।
गुरकीरत कनाडा के नॉर्थन लाइट्स कॉलेज में बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहे थे और साथ ही पार्ट-टाइम जॉब भी करते थे। 14 मार्च को फोर्ट सेंट जॉन में 10-12 युवकों ने पहले उनकी बेरहमी से पिटाई की और फिर उन पर गाड़ी चढ़ा दी, जिससे उनकी मौत हो गई। पिता गुरजीत सिंह ने सरकार से न्याय की मांग करते हुए कहा कि विदेश में पढ़ने गए बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित होनी चाहिए। फिलहाल पूरे शहर में शोक की लहर है और हर आंख नम है।