तेज रफ्तार बनी काल! बाइक खाई में गि री, युवक की मौ त, तीन युवतियां पहुंची अस्पताल
एमपी के सागर संभाग के दमोह जिले के पथरिया थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां सागर रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि बाइक सवार विपिन अहिरवार निवासी साइनखेड़ा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके साथ बाइक पर सवार तीन युवतियां — अनीता, प्राची और निकिता — गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने डायल 112 को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत पथरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों युवतियों की हालत नाजुक होने के चलते उन्हें दमोह जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि सभी लोग ग्राम जकतर में अपने मामा मुलायम अहिरवार के यहां आयोजित लग्न समारोह में शामिल होने जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही यह हादसा उनकी खुशियों को मातम में बदल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पथरिया थाना प्रभारी और पुलिस बल अस्पताल पहुंचा और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है। फिलहाल पूरे गांव में शोक का माहौल है, और हर कोई यही सवाल कर रहा है कि आखिर कब लोग सड़क सुरक्षा को गंभीरता से लेंगे।