मिनी बस की ट-क्कर से नहीं बच सका युवक, गुस्साए लोगों ने आग में फूंक दी बस
बस की टक्कर की वजह से एक युवक की जान चली गई। वहीं घटना के बाद तनाव फ़ैल गया। गुस्साए लोगों ने पहले बस पर पथराव किया। जिससे चीख पुकार मच गयी। लोगों ने कूद कूद कर किसी तरह अपनी जान बचाई। वहीं इसके बाद आग लगाकर बस फूंक दी। दरअसल एक मिनी बस ने आगे चल रहे ट्रेक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। इस दुर्घटना में ट्रेक्टर चालक युवक ट्रेक्टर के नीचे दब गया। और समय पर मदद न मिलने की वजह से उसने मौके पर दम तोड़ दिया। घटना उज्जैन जिले से सामने आई है। जहां ब्राह्मणखेड़ा निवासी 21 साल के विजय सोलंकी की जान जाने के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने बस को आग के हवाले कर दिया। जिससे वह जलकर खाक हो गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात को काबू में किया।
बताया जा रहा है की उज्जैन-गरोठ मार्ग पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने हिंसक रूप ले लिया। दिल्ली से महाकाल दर्शन के लिए आ रही एक मिनी बस ने तुलाहेड़ा टोल के पास आगे चल रहे ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। जिससे युवक विजय सोलंकी उसके नीचे दब गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। यात्रियों ने कूदकर अपनी जान बचाई, हालांकि उनका सामान जलकर ख़ाक हो गया। हादसे में घायल राजेश शर्मा, बस चालक शिवकुमार और दो यात्रियों को अस्पताल ले जाया गया। गंभीर हालत के चलते उन्हें भर्ती किया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि टोल प्लाजा की ओर से क्रेन भेजने में भारी देरी की गई। संसाधनों की कमी के कारण मलबे में फंसे युवक को समय रहते बाहर नहीं निकाला जा सका। जिससे नाराज लोगों ने हाईवे पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। एडिशनल एसपी आलोक शर्मा के मुताबिक दुर्घटना के बाद उपजे तनाव को देखते हुए पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। उचित कार्रवाई का भरोसा देकर जाम खुलवाया। पुलिस ने बस जलाने वाले उपद्रवियों और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और हादसे की विस्तृत जांच का आश्वासन दिया। फ़िलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है। फरार बस चालक की तलाश की जा रही है