शादी की खुशियां मातम में बदलीं ! बारातियों की कार ट्रक में घुसी, 4 की मौक़े पर मौत
एमपी के इंदौर में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। बारात से लौट रही कार ट्रक में जा घुसी, जिसमें 4 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। यह हादसा खुड़ैल थाना क्षेत्र के ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास देर रात हुआ। जानकारी के मुताबिक, भूसे से भरे एक वाहन ने अचानक ब्रेक लगाया। उसके पीछे चल रही क्वालिस गाड़ी तेज रफ्तार में थी और अनियंत्रित होकर सीधे ट्रक में जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे के वक्त कार में कुल 11 लोग सवार थे, जो शादी समारोह से लौट रहे थे। इस भीषण टक्कर में इरफान, आरिश और फरहान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरिस ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सभी मृतक इंदौर के सदर बाजार इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं हादसे में घायल 7 अन्य लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनका इलाज एमवाय अस्पताल में जारी है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और गुस्साए परिजनों व स्थानीय लोगों ने चक्काजाम कर दिया। आक्रोश इतना ज्यादा था कि लोगों ने वाहन में आग लगाने की भी कोशिश की। हालांकि, मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात को संभाला और समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के पीछे लापरवाही और तेज रफ्तार को मुख्य कारण माना जा रहा है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सावधानी की जरूरत को याद दिलाता है। एक छोटी सी चूक ने चार जिंदगियां छीन लीं और कई परिवारों को जिंदगी भर का दर्द दे दिया।