हैवान बना पिता! पत्नी से विवाद में 4 साल के मासूम की हत्या, बचाने आया बेटा बना शिकार
मध्य प्रदेश के सागर संभाग के छतरपुर से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक पिता ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए अपने ही चार साल के मासूम बेटे को मौत के घाट उतार दिया। पूरा मामला बमनौरा थाना क्षेत्र के ढाडोरा गांव का है, जहां घरेलू विवाद ने इतना खौफनाक रूप ले लिया कि एक मासूम की जान चली गई। जानकारी के मुताबिक, आरोपी पिता लखन सिंह नशे की हालत में घर पहुंचा था। किसी बात को लेकर उसकी पत्नी से कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में बेकाबू लखन सिंह ने लाठी-डंडों से अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी।
इसी बीच, अपनी मां को पिटता देख चार साल का मासूम बेटा खुद को रोक नहीं पाया और मां को बचाने के लिए बीच में आ गया। लेकिन नशे में चूर पिता को अपने ही बेटे पर जरा भी रहम नहीं आया। उसने उसी डंडे से मासूम पर भी ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया और खून से लथपथ हो गया। आनन-फानन में घायल मां और बेटे को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता लखन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। सीएसपी अरुण सोनी के मुताबिक, “मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, आगे की जांच जारी है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। एक मासूम की मौत ने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं और लोगों के दिलों में कई सवाल छोड़ दिए हैं—आखिर कब रुकेगी घरेलू हिंसा और कब सुरक्षित होगा बचपन?