गड़े सोने के नाम पर करोड़ों की ठगी ! पुलिस ने परिवार चलित गैंग का किया पर्दाफाश
एमपी के जबलपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ‘ड़ा हुआ सोन’ मिलने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में एक ही परिवार के चार शातिर जालसाजों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से करीब 1 करोड़ 55 लाख रुपए नगद, 84 ग्राम असली सोना, लगभग 20 किलो नकली सोना और 11 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। यह गिरोह बेहद चालाकी से लोगों को अपने जाल में फंसाता था।
गिरफ्तार आरोपियों में पन्नालाल राठौर, धर्मेन्द्र राठौर, वीरेन्द्र राठौर और रामादेवी शामिल हैं, जो हरियाणा के फरीदाबाद के रहने वाले हैं। खास बात यह है कि यह पूरा ठगी नेटवर्क एक ही परिवार द्वारा संचालित किया जा रहा था। ठगी का तरीका भी बेहद शातिर था। आरोपी पहले लोगों को गड़ा हुआ सोना मिलने की कहानी सुनाते और भरोसा जीतने के लिए सैंपल के तौर पर असली सोने की गिन्नियां देते थे। जब पीड़ित को यकीन हो जाता, तो उसे सस्ते दाम में ज्यादा सोना देने का लालच देकर नकली सोना थमा दिया जाता।
सिर्फ अप्रैल महीने में ही इस गिरोह ने तीन बड़ी वारदातों को अंजाम दिया। 1 अप्रैल को 7 किलो नकली सोना देकर करीब 10 लाख, 3 अप्रैल को 5 किलो सोना बताकर 50 लाख और 4 अप्रैल को 12 किलो नकली सोने के बदले करीब 1 करोड़ रुपए की ठगी की गई। जबलपुर के एक डॉक्टर परिवार को भी इस गैंग ने अपना शिकार बनाया, जिनसे करीब 60 लाख रुपए ठग लिए गए।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को आरोपियों के झांसी में छिपे होने की जानकारी मिली, जहां दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि ठगी का माल पनागर क्षेत्र में किराए के मकान में छिपाया गया था, जहां से भारी मात्रा में नकदी और सोना बरामद किया गया। एसपी संपत उपाध्याय ने बताया कि गिरोह के अन्य कनेक्शन और पीड़ितों की तलाश जारी है। इस खुलासे से और भी बड़े राज सामने आने की संभावना है।