MP | 85 वार्डों में उतरी बीजेपी, चौराहों पर गूंजा राष्ट्रगीत, वंदे मातरम पर सियासी संग्राम!
एमपी के इंदौर में राष्ट्रगीत “वंदे मातरम” को लेकर सियासी घमासान अब सड़कों तक पहुंच गया है। नगर निगम के बजट सत्र में शुरू हुआ विवाद अब पूरे शहर में बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन चुका है, जहां बीजेपी ने कांग्रेस पार्षदों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। दरअसल, नगर निगम के बजट सत्र के दौरान कांग्रेस पार्षद रुबीना इकबाल खान और फौजिया शेख अलीम द्वारा वंदे मातरम गाने से इनकार किए जाने के बाद विवाद शुरू हुआ था। अब इस मुद्दे को लेकर बीजेपी ने शहर के सभी 85 वार्डों में सामूहिक विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
शहर के प्रमुख चौराहों पर बीजेपी कार्यकर्ता एकत्र होकर सामूहिक रूप से वंदे मातरम का गायन कर रहे हैं। बड़ा गणपति चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में महापौर पुष्यमित्र भार्गव भी शामिल हुए और राष्ट्रगीत के समर्थन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। वहीं नवलखा चौराहे पर एमआईसी मेंबर मनीष शर्मा के नेतृत्व में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और वंदे मातरम न गाने वाले पार्षदों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
इस पूरे विवाद ने राजनीतिक बयानबाजी को भी तेज कर दिया है। बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस पार्षदों पर तीखे हमले करते हुए इसे राष्ट्रभावना से जुड़ा मुद्दा बताया है। वरिष्ठ नेता मनोज मिश्रा ने भी बयान देते हुए कांग्रेस और संबंधित पार्षदों पर निशाना साधा, जिससे माहौल और गरमा गया है। इंदौर में फिलहाल यह मुद्दा राजनीतिक तापमान बढ़ा रहा है। एक ओर बीजेपी इसे राष्ट्र सम्मान का विषय बता रही है, तो वहीं कांग्रेस की ओर से भी जवाबी रणनीति तैयार की जा रही है। आने वाले दिनों में इस विवाद के और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं, जिससे शहर की सियासत और ज्यादा गर्माने वाली है।