वनरक्षक हत्या कांड में बड़ा एक्शन, ट्रैक्टर मालिक गिरफ्तार, मुख्य आरोपी अब भी फरार
एमपी के मुरैना के चर्चित वनरक्षक हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अवैध रेत परिवहन रोकने पर कुचलकर हत्या करने वाले आरोपियों में से एक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी सहित दो अन्य अब भी फरार हैं। दिमनी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर मालिक सोनू चौहान को नेशनल हाईवे 552 स्थित प्लाजा के पास से दबोच लिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी इलाके से भागने की फिराक में है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। इस मामले में यह पहली गिरफ्तारी मानी जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपी—ट्रैक्टर मालिक पवन तोमर और ट्रैक्टर चालक—अभी भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर दिया है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। दरअसल, यह पूरा मामला अवैध रेत उत्खनन से जुड़ा है। वन विभाग के आरक्षक हरकेश गुर्जर ने जब अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना ने पूरे चंबल क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी और वन विभाग के कर्मचारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला था।
घटना के बाद से ही अवैध रेत माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। वनकर्मियों ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। एएसपी सुरेंद्रपाल डाबर ने बताया कि पुलिस मामले में तेजी से कार्रवाई कर रही है और फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी कामयाबी माना जा रहा है, लेकिन अब सभी की नजरें बाकी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी हैं।