ऑटो पर पलटा ट्रक, 4 लोगों की मौत, CCTV ने बढ़ाए सवाल और फिर
एमपी के शिवपुरी से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। इस हादसे का CCTV फुटेज अब सामने आया है, जिसने कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला शिवपुरी जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र के ग्राम टोंगरा का है। यहां सड़क पर चल रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर एक ऑटो पर पलट गया। ट्रक के नीचे ऑटो पूरी तरह दब गया, जिसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
इस हादसे में मृतकों में विजेंद्र शाक्य, उसका भाई, मां और एक अन्य परिजन शामिल हैं। बताया जा रहा है कि विजेंद्र ने हाल ही में अपने पड़ोस में रहने वाली युवती से शादी की थी। शुक्रवार रात शादी की रस्में पूरी हुईं और शनिवार सुबह वह अपने परिवार के साथ राजगढ़ गांव जा रहा था, तभी रास्ते में यह खौफनाक हादसा हो गया। लेकिन इस पूरे मामले ने उस वक्त नया मोड़ ले लिया, जब परिजनों ने इसे महज हादसा मानने से इनकार कर दिया। मृतक के ससुराल पक्ष ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि इस शादी से युवती के पिता नाराज थे और उन्होंने पहले ही विजेंद्र और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी।
CCTV फुटेज में ट्रक का अचानक ऑटो पर पलटना कई संदेह पैदा कर रहा है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह महज एक दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई साजिश रची गई थी? घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। सिविल सर्जन बी.एल. यादव के मुताबिक, सभी की मौत गंभीर चोटों के कारण हुई है। वहीं, पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच में जुट गई है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है—क्या यह एक हादसा है या फिर किसी साजिश का खौफनाक अंजाम? जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा।