पत्नी निकली मास्टरमाइंड, प्रेमी संग रची थी ह त्या की साजिश, 1 लाख की सुपारी ! लूट का ड्रामा बेनकाब
एमपी के धार जिले से एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। देवकृष्ण पुरोहित हत्याकांड में पुलिस जांच ने चौंकाने वाला मोड़ ले लिया है—जिस पत्नी ने खुद को पीड़िता बताया, वही इस पूरी साजिश की मास्टरमाइंड निकली। मामला सरदारपुर तहसील के राजोद थाना क्षेत्र के ग्राम गोंदीखेड़ा चारण का है। शुरुआत में यह मामला लूट और डकैती जैसा लग रहा था, लेकिन पुलिस की गहन जांच में सच्चाई सामने आ गई। मृतक की पत्नी प्रियंका पुरोहित और उसके कथित प्रेमी कमलेश पुरोहित को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से दोनों को 13 अप्रैल तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 7 अप्रैल की रात प्रियंका और कमलेश ने मिलकर देवकृष्ण की हत्या की साजिश रची। इसके लिए एक लाख रुपये में सुपारी किलर को काम सौंपा गया। हत्या को अंजाम देने के बाद प्रियंका ने खुद को बंधक बताकर लूट की झूठी कहानी गढ़ी, जिसमें उसने लाखों के जेवर और नकदी लूटने का दावा किया। लेकिन घटनास्थल पर मिले सबूतों और बयानों में विरोधाभास ने पुलिस को शक में डाल दिया। जांच के दौरान घर से ही कथित लूट का सामान बरामद हुआ, जिससे पूरा ड्रामा बेनकाब हो गया। कड़ाई से पूछताछ में प्रियंका ने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
पुलिस अब फरार सुपारी किलर सुरेंद्र भाटी की तलाश में जुटी है, जिसकी गिरफ्तारी से पूरे मामले के और राज खुल सकते हैं। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से संबंध खराब थे और प्रियंका का अपने प्रेमी से संबंध पति के लिए विवाद का कारण बना हुआ था। इस बीच, सोशल मीडिया पर परिवार के झगड़ों के वीडियो भी वायरल हो रहे हैं, जिन्हें पुलिस जांच में शामिल कर रही है। फिलहाल, इस मामले ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या रिश्तों में बढ़ती दरार अब अपराध का रूप लेती जा रही है?