एक रात में 245 वारंटी गिरफ्तार, अपराधियों में मचा हड़कंप, पुलिस का मेगा एक्शन
एमपी के ग्वालियर में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने अब तक का सबसे बड़ा एक्शन लेते हुए एक ही रात में 245 वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात चलाए गए इस मेगा कॉम्बिंग ऑपरेशन से शहर में हड़कंप मच गया और बदमाशों में डर का माहौल बन गया। पुलिस ने 12-13 अप्रैल की रात शहर और ग्रामीण इलाकों में एक साथ सघन कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। इस दौरान 134 स्थाई वारंट और 111 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। पुलिस की टीमों ने देर रात गली-मोहल्लों में पहुंचकर संदिग्धों के घरों की तलाशी ली और फरार आरोपियों को धर दबोचा।
अभियान के दौरान 147 गुंडा बदमाशों और 138 हिस्ट्रीशीटरों की भी जांच की गई। उनके रिकॉर्ड अपडेट किए गए और उन्हें सख्त चेतावनी दी गई। पुलिस ने होटल, लॉज, धर्मशालाओं और एटीएम बूथों पर भी चेकिंग अभियान चलाया। संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली गई, जबकि मुंह ढंककर चलने वाले दोपहिया चालकों से भी पूछताछ की गई। इस कार्रवाई के दौरान अवैध गतिविधियों पर भी शिकंजा कसा गया। पुरानी छावनी और गिजोर्रा क्षेत्रों में अवैध शराब के 4 मामले दर्ज किए गए, जबकि इंदरगंज में सट्टे का एक मामला पकड़ा गया। इसके अलावा धारा 151 के तहत 5 और धारा 107/116 के तहत 12 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर खुद अधिकारी सड़कों पर उतरे और संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त की। इस पूरे अभियान का मकसद आम जनता में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाना और अपराधियों में खौफ पैदा करना था। एएसपी सुमन गुर्जर ने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आदतन अपराधियों पर नियंत्रण के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया है। उन्होंने साफ किया कि आगे भी इस तरह की कॉम्बिंग गश्त लगातार जारी रहेगी। ग्वालियर पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ संदेश दे दिया है—अब अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं।