किन्नर पर दो बार जानलेवा हमला, गिरफ्तारी नहीं होने पर प्रदर्शन की चेतावनी और फिर SAGAR TV NEWS
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला किन्नर समाज से जुड़ा है, जहां एक किन्नर पर दो अलग-अलग जगहों पर जानलेवा हमले किए गए, लेकिन अब तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पीड़िता सिमी किन्नर, जो बुधवारा डेरे से जुड़ी हैं, ने आरोप लगाया है कि उनके साथ हाल ही में दो बार हमला हुआ। पहली घटना 9 अप्रैल को सुल्तानिया अस्पताल के पास हुई, जहां अज्ञात बाइक सवार बदमाश ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से इलाके में हड़कंप मच गया।
इसके बाद दूसरी वारदात ऐशबाग क्षेत्र में हुई, जहां फिर से सिमी किन्नर को निशाना बनाया गया। दोनों ही घटनाओं में बदमाशों ने चाकू जैसे धारदार हथियार का इस्तेमाल किया, जिससे यह साफ है कि हमलावरों के इरादे बेहद खतरनाक थे। पीड़िता का कहना है कि उन्होंने दोनों घटनाओं की जानकारी पुलिस को दी, लेकिन अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इससे किन्नर समाज में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
सिमी किन्नर ने साफ चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो किन्नर समाज सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेगा। इस घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े और भीड़भाड़ वाले इलाकों में इस तरह की घटनाएं होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर चिंता पैदा करता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। अब देखने वाली बात यह होगी कि पुलिस कब तक इन हमलावरों को पकड़ पाती है, या फिर यह मामला और तूल पकड़ता है।