सागर संभाग की बेटी बनी प्रदेश टॉपर, 10वीं में प्रतिभा सिंह सोलंकी ने रचा इतिहास ! | SAGAR TV NEWS |
मध्यप्रदेश बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणामों में इस बार पन्ना जिले की बेटी ने इतिहास रच दिया है। एमपी के सागर संभाग के पन्ना जिले के गुनौर की रहने वाली प्रतिभा सिंह सोलंकी ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर पूरे राज्य में पन्ना का नाम रोशन कर दिया है। सरस्वती ज्ञान मंदिर, गुनौर की छात्रा प्रतिभा ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के दम पर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर एक छोटे से क्षेत्र से निकलकर प्रदेश टॉपर बनना अपने आप में बड़ी बात है, जिसने हर किसी को गर्व महसूस कराया है।
प्रतिभा की इस सफलता से पूरे पन्ना जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। स्कूल में जश्न का माहौल है, जहां शिक्षकों और साथियों ने फूलमालाओं से उनका स्वागत किया और मिठाई खिलाकर इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाया। अपनी सफलता पर प्रतिभा सिंह सोलंकी ने कहा कि उन्होंने नियमित पढ़ाई, समय का सही उपयोग और अनुशासन को अपनी तैयारी का आधार बनाया। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया, जिन्होंने हर कदम पर उनका मार्गदर्शन किया और हौसला बढ़ाया।
प्रतिभा की यह उपलब्धि न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो किसी भी परिस्थिति में बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। उनकी इस उपलब्धि ने अन्य छात्रों के लिए भी एक नई प्रेरणा पैदा की है कि वे भी पूरी मेहनत और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं। पन्ना की इस बेटी ने यह दिखा दिया है कि प्रतिभा किसी शहर या संसाधनों की मोहताज नहीं होती, बल्कि सच्ची मेहनत ही सफलता की असली कुंजी है।