मेले से लौट रहे परिवार पर ह मला ओवरटेक ने लिया बड़ा मोड़, महिलाओं से अ भद्र ता!
एमपी के धार जिले में एक मामूली ओवरटेक विवाद ने उस वक्त हिंसक रूप ले लिया, जब मेले से लौट रहे एक परिवार पर बदमाशों ने बीच सड़क पर हमला कर दिया। इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। मामला धरमपुरी थाना क्षेत्र का है, जहां बियाबानी मेले से लौट रहे एक परिवार को निशाना बनाया गया। जानकारी के मुताबिक, 8 से 18 अप्रैल तक चल रहे मेले से मंगलवार देर रात करीब 1 बजे रेहान शेख अपने परिवार के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम चंदावड़ के पास ओवरटेक करने की बात को लेकर विवाद हो गया।
आरोप है कि मुंडला निवासी राजकुमार मुवेल ने गाड़ी रुकवाकर परिवार के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान कार में मौजूद महिलाओं के साथ भी अभद्रता की गई और उन्हें चोटें आईं। घटना के दौरान आरोपी ने सड़क पर ही वाहन खड़ा कर दिया, जिससे लंबा जाम लग गया और मेले से लौट रहे सैकड़ों लोग प्रभावित हुए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने जमकर हंगामा किया, गाली-गलौज की और धमकियां दीं। हैरानी की बात यह रही कि मौके पर पुलिस पहुंचने के बावजूद आरोपी का हौसला कम नहीं हुआ और उसने पुलिस के सामने ही दबंगई जारी रखी।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। लोग खुलेआम हो रही इस तरह की गुंडागर्दी पर सवाल उठा रहे हैं। धरमपुरी थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। यह घटना कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है, जहां एक मामूली विवाद ने परिवार की सुरक्षा को खतरे में डाल दिया। फिलहाल, पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और मामले की जांच जारी है।