मजाक से बढ़ा वि वाद,चाचा ने भतीजे पर तानी बंदूक, रिश्ते हुए तार-तार !
एमपी के ग्वालियर के सिरोल थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां मजाक-मजाक में शुरू हुआ विवाद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया। यहां एक चाचा ने अपने ही भतीजे पर बंदूक तान दी और जान से मारने की धमकी दे डाली। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, सिरोल गांव में रहने वाले नरेश गुर्जर और उसके चाचा देबू उर्फ देवेंद्र गुर्जर के बीच जमीन को लेकर बातचीत चल रही थी। शुरुआत में दोनों के बीच हल्की-फुल्की मजाक और हंसी का माहौल था, लेकिन अचानक माहौल बिगड़ गया और विवाद बढ़ते-बढ़ते गंभीर झगड़े में बदल गया।
आरोप है कि गुस्से में आकर चाचा ने बंदूक उठा ली और सीधे अपने भतीजे पर तान दी। इतना ही नहीं, उसने जान से मारने की धमकी भी दी। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति हाथ में बंदूक लिए दूसरे को धमका रहा है। वहीं भतीजे नरेश गुर्जर का आरोप है कि चाचा ने फायरिंग भी की, हालांकि पुलिस ने अभी तक फायरिंग की पुष्टि नहीं की है।
घटना के बाद पीड़ित भतीजा थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। सिरोल थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि आखिर छोटी-छोटी बातों पर रिश्तों में इतनी कड़वाहट क्यों बढ़ रही है कि लोग हिंसा पर उतर आते हैं। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने की कोशिश कर रही है।