पेरेंट्स का जोरदार प्रदर्शन, गोवा ट्रिप नहीं गए तो काटे नंबर ! स्कूल में भेदभाव पर हंगामा
एमपी के जबलपुर के आधारताल क्षेत्र स्थित लिटिल किंगडम प्राइवेट स्कूल में उस वक्त बवाल मच गया, जब 10वीं कक्षा के छात्रों को आंतरिक मूल्यांकन में कथित भेदभावपूर्ण अंक दिए जाने का मामला सामने आया। इस मुद्दे को लेकर छात्रों और अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल द्वारा आयोजित गोवा ट्रिप और एक बिजनेस मीट में हिस्सा न लेने वाले छात्रों के साथ अन्याय किया गया। जानकारी के मुताबिक, गोवा ट्रिप के लिए छात्रों से 15 से 20 हजार रुपए और बिजनेस मीट के लिए करीब 4 हजार रुपए की मांग की गई थी। आर्थिक या व्यक्तिगत कारणों से कई छात्र इन गतिविधियों में शामिल नहीं हो सके।
लेकिन आरोप है कि इन छात्रों को आंतरिक मूल्यांकन में 20 में से केवल 10 अंक दिए गए, जबकि ट्रिप और गतिविधियों में शामिल होने वाले छात्रों को पूरे 20 में 20 अंक दे दिए गए। इस कथित भेदभाव ने छात्रों और अभिभावकों को आक्रोशित कर दिया। जैसे ही मामला सामने आया, बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल परिसर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति उस समय और गरमा गई जब पेरेंट्स एसोसिएशन और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। वहीं, अभिभावकों और संगठनों ने पूरे मामले की शिकायत शिक्षा विभाग को लिखित रूप में दी है। अभिभावकों की मांग है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो और जिन छात्रों के साथ अन्याय हुआ है, उनके अंकों में सुधार किया जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं। फिलहाल मामला जांच में है, लेकिन इस घटना ने शिक्षा व्यवस्था और निजी स्कूलों की कार्यप्रणाली पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।