पुरानी रंजिश बनी मर्डर की वजह,गोली मारकर युवक की ले ली जान,साथी भी हुआ घायल !
पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों पर गोलियां बरसा दी गयी। जिनमें एक युवक की जान चली गयी जबकि उसका साथ गंभीर रूप से घायल हुआ है। जो अस्पताल में ज़िंदगी की जंग लड़ रहा है। घटना के बाद सनसनी फ़ैल गयी वहीं तनाव की स्थिति भी बन गयी। स्थिति से निपटने बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात करना पड़ा। मामला एमपी के देवास से सामने आया। जहां पुरानी रंजिश की वजह से एक युवक का मर्डर कर दिया गया। उसके साथी को भी गोली लगी है। जिसे गंभीर हालत में इंदौर रेफर किया गया है। बताया जा रहा है की शहर के भवानी सागर निवासी शुभम उर्फ लड्डूनाथ पर गुरुवार देर रात कुछ बदमाशों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने शुभम पर ताबड़तोड़ फायरिंग की जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई। घटना के दौरान मृतक का साथी गौतम नाथ भी उसके साथ मौजूद था। बदमाशों ने उसे भी निशाना बनाते हुए उसके पैरों में दो गोलियां मार दीं। गंभीर हालत में उसे तुरंत इंदौर रेफर किया गया है जहां उसका इलाज जारी है।
परिजनों का आरोप है कि मुख्य आरोपी वरुण बाली का मृतक से पुराना विवाद चल रहा था। करीब दो साल पहले भी आरोपी ने शुभम के घर पर जानलेवा हमला किया था। इस दौरान घर के बाहर खड़ी बाइक में आग लगा दी थी। तब उस मामले में नाहर दरवाजा थाने में एफआईआर भी दर्ज की गई थी। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज किया। साथ ही आरोपियों की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।--