ढलान बनी मौत का जाल! ओवरलोड ट्रक गुमटी पर पलटा, 4 पहुंचे अस्पताल और फिर | SAGAR TV NEWS |
एमपी के सागर संभाग के दमोह-छतरपुर हाईवे पर शुक्रवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक ओवरलोड भूसे से भरा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक गुमटी पर पलट गया। यह घटना बटियागढ़ थाना क्षेत्र के नीमन तिराहा की है, जहां एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, लेकिन चार लोग इसकी चपेट में आकर घायल हो गए। बताया जा रहा है कि ट्रक क्रमांक UP 21 CN 1112 छतरपुर से दमोह की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रक नीमन तिराहा के पास पहुंचा, सड़क की ढलान और अधिक भार के चलते चालक नियंत्रण खो बैठा। ट्रक पहले लहराया, फिर सामने जा रही एक बोलेरो को टक्कर मार दी और इसके बाद सीधे सड़क किनारे स्थित अनिकेत सिंह की किराना गुमटी पर पलट गया।
हादसे के समय गुमटी के पास चार लोग मौजूद थे, जो अचानक भूसे के नीचे दब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को बाहर निकाला और तुरंत बटियागढ़ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, वरना स्थिति और भयावह हो सकती थी। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिससे लोगों में आक्रोश भी देखा गया। सूचना मिलते ही बटियागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। साथ ही ट्रक को हटाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
प्रत्यक्षदर्शी और गुमटी संचालक अनिकेत सिंह लोधी का कहना है कि ट्रक ओवरलोड था और ढलान के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया, जिससे यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश जारी है। यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ओवरलोडिंग के खतरों को उजागर करती है, जो कभी भी बड़ी त्रासदी का कारण बन सकते हैं।