MP| ट्रक से 2 करोड़ 34 लाख का गांजा पकड़ा फ़िल्मी स्टाईल में करते थे तस्करी
सतना में पुलिस ने एक ट्रक से करीब 12 क्विंटल गांजा जब्त किया है। इसकी कीमत 2 करोड़ 34 लाख रुपए आंकी गई है। आरोपियों ने मुरमुरे के बोरों में गांजा छिपा रखा था। यह खेप भुवनेश्वर से रीवा ले जाई जा रही थी। 3 तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने डिलीवरी देने के लिए 10 रुपए के नोट पर कोड बना रखा था। आरोपी फिल्मी स्टाइल में तस्करी करते थे। वे 10 रुपए के नोट के दो टुकड़े कर लेते थे। इसका एक टुकड़ा डिलीवरी लेने वाले, तो दूसरा टुकड़ा डिलीवरी देने वाले के पास रहता था। जब दोनों मिलते, तो नोट के दोनों हिस्सों पर लिखा 6 अंकों का यूनिक नंबर मिलाया जाता। नंबर मिलने पर ही डिलीवरी दी जाती थी। पुलिस ने फटा नोट भी जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक गांजे की ये खेप भुवनेश्वर से बैकुंठपुर रीवा के लिए ले जाई जा रही थी। भुवनेश्वर में बब्बू मुसलमान ने डील कराई थी। रीवा में आरोपियों ने गोदाम बना रखा है।