पेंच में बाघिन के साथ सैर पर निकले 5 शावक रोमांचकारी नजारा देख थम गए टूरिस्ट
एमपी के सिवनी के पेंच टाइगर रिजर्व में सोमवार को P-4 बाघिन अपने 5 शावकों के साथ चहलकदमी करती दिखी। नजारा देखने के लिए जंगल सफारी पर आए टूरिस्ट जहां थे, वहीं थम गए। इस रोमांचकारी नजारे को उन्होंने अपने कैमरों में भी कैद कर लिया। जंगल की रॉयल फैमिली पेंच टाइगर रिजर्व के करमाझिरी में स्पॉट हुई। बाघिन और उसके शावक यहां कुछ दिन से घूमते दिख रहे हैं।बाघिन ने 10 महीने पहले 5 शावकों को जन्म दिया था।पार्क में सबसे ज्यादा शावकों को जन्म देने का रिकार्ड बनाने वाली कॉलर वाली बाघिन (इसे पेंच की रानी भी कहा जाता है) ने ही बाघिन पी-4 को जन्म दिया है। माना जा रहा है कि अब पी-4 बाघिन भी अपनी मां की तरह शावक जन्म देने का रिकॉर्ड बना सकती है।पेंच नेशनल पार्क में बाघों का कुनबा बढ़ रहा है। अधिकारियों की मानें तो बाघों की संख्या 64 के पार पहुंच गई है। हालांकि, आंकड़ा गणना के बाद स्पष्ट हो पाएगा। पिछली गणना साल 2018 में हुई थी जिसमें बाघों की संख्या 61 आई थी। चार साल में एक बार होने वाली बाघों की गणना इस साल नवंबर से शुरू हो रही है।