यूरिया के लिए किसान घंटों खड़े रहे नहीं मिला तो बोरियां लेकर भागे पुलिसवालों ने दौड़ाया
उज्जैन में किसानों के खाद लूटने पर पुलिस ने लाठियां चलाईं। तराना तहसील की कृषि उपज मंडी में किसान कई घंटों से खाद के लिए लाइन में खड़े थे। इसके बाद भी खाद नहीं मिली तो किसानों ने सोसायटी में रखी यूरिया की बोरियों को लूटना शुरू कर दिया। कई किसान 50 किलो की यूरिया की बोरियां कंधे पर लेकर भागने लगे। इसके बाद पुलिस ने दौड़-दौड़कर किसानों पर लाठियां चलाईं। घटना गुरुवार की बताई जा रही है। इसका VIDEO अब सामने आया है।प्रदेश में किसान खाद की किल्लत से परेशान हैं। सोसायटी से खाद या तो मिल नहीं रही या कम मिल रही है। किसान खाद की कालाबाजारी का आरोप लगा रहे हैं। बताया जा रहा है कि तराना मंडी स्थित मार्केटिंग सोसायटी में किसान गुरुवार सुबह 5 बजे से लाइन लगाकर खड़े थे। दोपहर बाद तक किसानों को यूरिया नहीं दी गई। इसके चलते कुछ किसान सोसायटी के गोदाम में घुस गए और यूरिया की बोरियां लूटकर ले जाने लगे। इसे देख बाहर खड़े अन्य किसान भी दौड़कर आए और वे भी खाद की बोरियां ले जाने लगे। ये देख पुलिसकर्मियों ने किसानों पर लाठियां चलाना शुरू किया। कुछ किसानों को मामूली चोटें भी आईं। घटना के वक्त यहां 100 से अधिक किसान थे।घटना के बाद तराना के विधायक महेश परमार ने कहा कि शासन-प्रशासन खाद की कालाबाजारी रोकने में नाकाम रहा है। जब रैक लगता है, तो किसानों को आवश्यकतानुसार पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिल पाता। इसके बावजूद पुलिस किसानों पर डंडे चला रही है। हम इसका विरोध करेंगे।