लाडली बहनों के खाते में आज आएंगे 1250 रुपए, मुख्यमंत्री मोहन यादव करेंगे राशि ट्रांसफर
नई सरकार बनने के बाद लाड़ली बहना योजना की पहली किस्त बुधवार को जारी होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव महिलाओं के खातों में 1576.61 करोड़ रुपए ट्रांसफर करेंगे। महिला एवं बाल विकास विभाग की इस योजना के लिए राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम 12 बजे से आयोजित किया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार से ही मध्यप्रदेश में 15 जनवरी
2024 तक मनाए जाने वाले महिला सशक्तिकरण सप्ताह
की शुरुआत भी करेंगे। महिला सशक्तिकरण सप्ताह के
दौरान जिलास्तर पर लाड़ली लक्ष्मी फ्रेंडली ग्राम पंचायतों
को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतियोगी परीक्षाओं में चयनित
बालिकाओं का सम्मान और उल्लेखनीय कार्य करने वाले शौर्य
दल के सदस्य को भी सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त ऐसी बालिकाएं जिनके द्वारा सूचना दी जाकर स्वयं का बाल विवाह रोका गया हो, उनको भी सम्मानित किया जाएगा। लाड़ली बहना योजना का कार्यक्रम प्रत्येक नगरीय निकाय एवं ग्राम पंचायत में किए जाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा समाजसेवियों की भी बुलाया जाएगा।