सागर - OBC आरक्षण के मुद्दे पर भाजपाईयों ने कांग्रेस नेता विवेक तन्खा का किया विरोध
सागर जिले के खुरई में दर्जनों भाजपाईयों ने शिवाजी चौराहा से जुलूस निकालकर तहसीली के सामने कांग्रेस नेता राज्य सभा सांसद विवेक तन्खा का पुतला दहन किया।भाजपाईयों ने जूलूस निकालकर विवेक तन्खा व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के विरोध में नारे भी लगाये। भाजपाईयों ने बताया कि मध्यप्रदेश में संपन्न होने जा रहे पंचायत और स्थानीय निकायों के चुनाव में अन्य पिछड़ा वर्ग को भाजपा सरकार ने 27 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान किया है। बीते दिनों कांग्रेस द्वारा इस आरक्षण प्रावधान पर न्यायालय के माध्यम से रोक लगवाने का आदेश करवाया गया। जिससे प्रदेश भर में ओबीसी समुदाय का व्यापक रूप से अहित हुआ है।कांग्रेस के षडयंत्र से अकेले सागर जिले में ही पंचायत चुनावों में ओबीसी के कुल 2524 पदों पर रोक लगा दी गई है। इससे सागर जिले में ओबीसी वर्ग 176 सरपंचों, 2284 पंचों, 57 जनपद सदस्यों, और 7 जिला पंचायत सदस्यों के पदों से वंचित हो गया है। भाजपा ने कांग्रेस द्वारा उठाए गए इस अलोकतांत्रिक कदम को ओबीसी विरोधी बताया है। अन्य पिछड़ा वर्ग समुदाय की जनसंख्या मध्यप्रदेश में 54 प्रतिशत है। भाजपा सरकार द्वारा 27 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने के निर्णय को स्थगित कराने के लिए कांग्रेस ने सुनियोजित साजिश की है। भाजपाईयों का कहना है कि कांग्रेस ने यदि ओबीसी विरोधी राजनीति नहीं छोड़ी तो सभी ओबीसी प्रकोष्ट के द्वारा एक बड़ा आंदोलन किया जायेगा।