सागर-अचानक से फिर हुआ अमोनिया गैस का रिसाव लोगों को सांस लेने में तकलीफ || SAGAR TV NEWS ||
सागर जिले के खुरई की सिंधी कॉलोनी में बनी बंद बर्फ फैक्ट्री में फिर अमोनिया गैस रिसाव हो गया। जिससे आसपास भगदड़ मच गई। बताया जा रहा है कि गैस रिसाव होने से लोगों की आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत होने लगी। साथ ही दम घुटने लगा। जिससे वो खुली जगहों पर भागे। इस घटना की जानकारी पुलिस और तहसीलदार को दी गई। मौके पर थाना प्रभारी रावेन्द्र सिंह, तहसीलदार इसरार खान समेत पुलिस बल पहुंचा। फैक्ट्री के कर्मचारियों को बुलवाकर बंद पड़ी बर्फ फैक्ट्री का ताला तुड़वाकर लीकेज को बंद करवाया गया। जानकारी के मुताबिक बीते कुछ दिन पहले भी फैक्ट्री में रिसाव हुआ था इसकी जांच के लिये खाद्य विभाग की टीम आई थी। जिसमें देखा था की यह फैक्ट्री बिना लायसेंस या अनुमति के संचालित हो रही है जिसे सील किया गया था। लेकिन अचानक इसमें फिर लीकेज होने लगा। आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि यहां आये दिन गैस रिसाव होता रहता है। सभी को खतरा है। फैक्ट्री को तुरंत कहीं और विस्थापित किया जाना चाहिये। वहीँ तहसीलदार इसरार खान ने बताया कि लीकेज बंद करवा दिया गया है। इसे जल्दी ही रहवासी इलाकों से दूर दूसरे स्थान पर विस्थापित करने की कार्यवाई की जायेगी।